महापुरुषों की प्रेरणादायक स्मृतियों को जीवंत रखने के लिए समिति गठित करने के उपमहापौर के निर्देश
महात्मा फुले जन्म द्विशताब्दी और चवदार तालाब सत्याग्रह शताब्दी के उपलक्ष्य में वर्षभर होंगे विविध कार्यक्रम
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान: पुणे महाराष्ट्र
क्रांतिसूर्य महात्मा ज्योतिराव फुले की जन्म द्विशताब्दी, चवदार तालाब सत्याग्रह की शताब्दी तथा महात्मा फुले के नगरसेवक पद के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पुणे महानगरपालिका की ओर से वर्षभर विविध सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में स्थायी समिति ने सर्वसाधारण सभा में प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। साथ ही इन कार्यक्रमों के प्रभावी आयोजन के लिए विशेष समिति गठित करने के निर्देश उपमहापौर परशुराम वाडेकर ने दिए।
उपमहापौर वाडेकर ने सुझाव दिया कि इस वर्ष को “सामाजिक सुधार वर्ष” के रूप में मनाया जाए, ताकि महात्मा फुले और महामानव डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रेरणादायक स्मृतियों को समाज में पुनः जागृत किया जा सके। उनके इस प्रस्ताव को स्थायी समिति ने स्वीकृति प्रदान की। इस प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान वाडेकर सभा की अध्यक्षता कर रहे थे।
इसके अलावा, नाना पेठ स्थित ‘दि डिप्रेस्ड क्लासेस मिशन सोसायटी ऑफ इंडिया’ को दी गई महानगरपालिका की जमीन का करार समाप्त हो चुका है। बहुजन समाज के विद्यार्थियों को शिक्षा उपलब्ध कराने वाली इस संस्था के साथ करार का नवीनीकरण करने के प्रस्ताव को भी स्थायी समिति ने मंजूरी दी है।
उक्त परिसर में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर वाणिज्य महाविद्यालय, ज्योतिराव फुले गर्ल्स हाईस्कूल तथा ज्योतिराव फुले हाईस्कूल संचालित किए जा रहे हैं। इस संस्था को शिक्षकों एवं कर्मचारियों के वेतन के अलावा कोई अन्य सरकारी अनुदान प्राप्त नहीं होता। इसलिए संस्था को दी गई जमीन को यथावत बनाए रखने का निर्णय लिया गया है।
यह भवन ऐतिहासिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी स्थान पर महात्मा फुले ने विद्यालय की स्थापना की थी और यहां डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर का भी महत्वपूर्ण जुड़ाव रहा है।

