छात्रावास में ग्राम चौपाल का आयोजन, छात्रों को प्रवेश हेतु किया गया प्रेरित
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान : इटावा |उत्तर प्रदेश
जिला समाज कल्याण अधिकारी संध्या रानी बघेल ने अवगत कराया कि 24 अप्रैल 2026 को मुख्य विकास अधिकारी, इटावा के निर्देशन में समाज कल्याण विभाग द्वारा राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास, मोढी भरथना में ग्राम चौपाल का सफल आयोजन किया गया।
इस चौपाल का मुख्य उद्देश्य आसपास के विद्यालयों एवं संस्थाओं में अध्ययनरत छात्रों को 50 सीट क्षमता वाले छात्रावास में प्रवेश हेतु प्रेरित करना तथा प्रवेश प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी उपस्थित रहे। इसके साथ ही ब्लॉक प्रमुख भरथना, ग्राम प्रधान मोढी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, छात्रावास अधीक्षक सहित विकास खंड कार्यालय एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने ग्रामीणों को छात्रावास की सुविधाओं, प्रवेश प्रक्रिया तथा विद्यार्थियों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं की जानकारी दी। साथ ही विभाग द्वारा संचालित वृद्धावस्था पेंशन, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह, शादी अनुदान, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना तथा विभिन्न छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए छात्रावास में शीघ्र ही वाचनालय की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही परिसर में वाई-फाई सुविधा पहले से उपलब्ध है, जिसका लाभ छात्र अध्ययन हेतु उठा सकते हैं।
उन्होंने ग्रामीणों से फार्मर रजिस्ट्री एवं फैमिली आईडी बनवाने की अपील की, ताकि सभी पात्र नागरिकों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने छात्रावास में किए गए कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए शेष आवश्यक कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी भरथना को निर्देशित किया।
ग्राम चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे और कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


