
बिजली विभाग पर गंभीर आरोप: घर में घुसकर वीडियो बनाने और फर्जी मुकदमा दर्ज करने का मामला
घर के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना
रिपोर्ट: शिवराज सिंह राजपूत
स्थान: जसवन्तनगर, इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा: जसवंत नगर क्षेत्र के ग्राम राजपुर तमेरी में बिजली विभाग के अधिकारियों पर गंभीर आरोप सामने आए हैं। पीड़ित पक्ष का कहना है कि विभागीय टीम ने बिना अनुमति एवं बिना वारंट के घर में प्रवेश कर महिलाओं की मौजूदगी में वीडियो रिकॉर्डिंग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 अप्रैल 2026 को लगभग दोपहर 12 बजे जूनियर इंजीनियर रघुनाथ सिंह, उपखंड अधिकारी आनंदपाल सिंह सहित अन्य कर्मचारी श्यामसुंदर के घर पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान घर के भीतर ही नहीं, बल्कि शौचालय एवं स्नानागार तक की भी वीडियो रिकॉर्डिंग की गई, जिसे पीड़ित पक्ष ने निजता का गंभीर उल्लंघन बताया है।
पीड़ित का दावा है कि मौके पर कोई अवैध विद्युत कनेक्शन अथवा आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली, इसके बावजूद उनके विरुद्ध विद्युत चोरी का मुकदमा दर्ज कर दिया गया। साथ ही रिपोर्ट में मुर्गी फार्म संचालन का उल्लेख भी किया गया है, जिसे पीड़ित पक्ष ने पूर्णतः निराधार बताया है।
सबसे गंभीर आरोप यह है कि कार्रवाई से बचने के नाम पर कथित रूप से धनराशि की मांग की गई। आरोप है कि धन न देने पर फर्जी मुकदमा दर्ज कर दिया गया।
घर से निकलते हुए बिजली विभाग के अधिकारी विडियो वायरल?

पीड़ित पक्ष का कहना है कि पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड है, जिसमें अधिकारियों की गतिविधियाँ स्पष्ट रूप से देखी जा सकती हैं। इसे ही मुख्य साक्ष्य बताया जा रहा है।
इस मामले की शिकायत पुलिस, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिलाधिकारी, महिला आयोग, मानवाधिकार आयोग एवं भ्रष्टाचार निवारण संगठन में की गई है। साथ ही न्यायालय में भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर प्रकरण में क्या रुख अपनाता है और पीड़ित को न्याय मिल पाता है या नहीं।
प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
प्रशासन का पक्ष प्राप्त होने के बाद खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।


