राज्यमुंबई

पटना में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन, हजारों मामलों का हुआ निष्पादन

पटना में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन, हजारों मामलों का हुआ निष्पादन

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान:पटना, बिहार 

दिनांक 10 मई 2026:

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पटना के निर्देशानुसार शनिवार को व्यवहार न्यायालय, पटना एवं ज्ञान भवन, पूर्वी गांधी मैदान में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन माननीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पटना श्री रूपेश देव की अध्यक्षता तथा सचिव सुश्री ज्योति चन्दन के नेतृत्व में हुआ।

इस अवसर पर पटना उच्च न्यायालय के माननीय मुख्य न्यायाधीश-सह-मुख्य संरक्षक, बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण श्री संगम कुमार साहू, निरीक्षी न्यायाधीश माननीय न्यायमूर्ति श्री मोहित कुमार साह सहित कई न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य न्यायाधीश द्वारा पांच महिला एवं पांच पुरुष दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल प्रदान की गई, ताकि उनके जीवन को सुगम बनाया जा सके।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री रूपेश देव ने बताया कि पटना सदर के अलावा पटनासिटी, दानापुर, बाढ़, मसौढ़ी एवं पालीगंज में भी राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की गई। पटना सदर में 49 तथा पूरे पटना न्याय मंडल में कुल 84 पीठों का गठन किया गया।

राष्ट्रीय लोक अदालत में ट्रैफिक चालान के 10,119 मामलों का निष्पादन करते हुए परिवहन विभाग द्वारा ₹5,80,88,001 की वसूली की गई। बैंक एवं बीएसएनएल से संबंधित 783 मामलों का निष्पादन हुआ, जिसमें विभिन्न बैंकों को ₹5,93,72,512 की राशि प्राप्त हुई।

इसके अतिरिक्त सुलहनीय आपराधिक मामलों के 3,584 वाद, एनआई एक्ट के 768 मामले, विद्युत विभाग से जुड़े 542 मामले, श्रम वाद के 3, वैवाहिक वाद का 1 तथा मोटर दुर्घटना दावा एवं दिवानी विवाद के मामलों का भी निष्पादन आपसी सहमति से किया गया।

इस प्रकार पटना न्याय मंडल में कुल 4,905 प्री-लिटिगेशन एवं पोस्ट-लिटिगेशन मामलों का सफल निष्पादन किया गया।

राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन में न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं, पारा विधिक स्वयंसेवकों, बैंक अधिकारियों एवं भारतीय स्टेट बैंक के वरिष्ठ पदाधिकारियों की सराहनीय भूमिका रही। आयोजन को लेकर लोगों में उत्साह देखा गया और बड़ी संख्या में लोगों ने भागीदारी निभाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button