हरियाणाराज्य

हरियाणा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के स्विमिंग पूल में छात्र की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

हरियाणा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के स्विमिंग पूल में छात्र की मौत, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान:सोनीपत हरियाणा 

सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले के राई स्थित हरियाणा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में गुरुवार रात एक छात्र की स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय निशांत गौतम के रूप में हुई है, जो पलवल के निवासी थे और यूनिवर्सिटी में क्रिकेट कोचिंग में पीजी डिप्लोमा कर रहे थे। घटना के बाद यूनिवर्सिटी परिसर में हड़कंप मच गया।

 

जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे निशांत को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने इसे हादसा बताया है, लेकिन शुक्रवार को मौके पर पहुंचे परिजनों ने मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई। परिजनों का कहना है कि निशांत को अच्छी तरह तैरना आता था, ऐसे में उनका डूबना कई सवाल खड़े करता है।

 

मृतक निशांत गौतम तीन साल के बेटे के पिता थे, जबकि उनकी पत्नी तीन माह की गर्भवती हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि निशांत का ननिहाल हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम के गांव चिरावटा में है और दोनों परिवारों में रिश्तेदारी भी बताई जा रही है। हालांकि खेल मंत्री के मीडिया सलाहकार ने डायरेक्ट रिश्तेदारी से इनकार किया है।

 

घटना के बाद स्विमिंग पूल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक पूल को मंगलवार को ही दोबारा शुरू किया गया था। करीब 18 फीट गहरे पूल में 15 फीट तक पानी भरा हुआ था। फिलहाल एफएसएल टीम के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है और जांच पूरी होने तक पूल क्षेत्र को बंद कर दिया गया है।

 

पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं परिजन निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button