अंतरराष्ट्रीयबिहारसीतामढ़ी

भारत–नेपाल सीमा समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न, सीमा सुरक्षा व अपराध नियंत्रण पर हुआ विस्तृत विचार-विमर्श

भारत–नेपाल सीमा समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न, सीमा सुरक्षा व अपराध नियंत्रण पर हुआ विस्तृत विचार-विमर्श

सीतामढ़ी में आयोजित बैठक में तस्करी, मानव तस्करी, जाली नोट, अवैध हथियार सहित कई मुद्दों पर संयुक्त कार्रवाई पर जोर

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान:सीतामढ़ी, बिहार

समाहरणालय स्थित विमर्श सभाकक्ष में भारत–नेपाल सीमा क्षेत्र से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर इंडो–नेपाल बॉर्डर डिस्ट्रिक्ट समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी जिला पदाधिकारी श्री संजीव कुमार ने की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अमित रंजन, उप विकास आयुक्त संदीप कुमार सहित नेपाल के रौतहट, सर्लाही एवं महोत्तरी जिलों के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा भारत–नेपाल के संबंधित जिलों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में 51वीं एवं 20वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) के कमांडेंट एवं अन्य अधिकारी भी शामिल हुए।

बैठक में सीमा क्षेत्र में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, सीमा सुरक्षा को और प्रभावी करने तथा दोनों देशों के बीच समन्वय को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की गई। जाली नोट, अवैध हथियार, ड्रग्स एवं नारकोटिक्स, शराब, तंबाकू तथा अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के उपायों पर विशेष विचार-विमर्श किया गया।

अधिकारियों ने क्रॉस बॉर्डर अपराध नियंत्रण, मोस्ट वांटेड अपराधियों की धरपकड़, संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर रोक तथा सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान को और सशक्त बनाने पर सहमति व्यक्त की। मानव तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी, सीमा अतिक्रमण, बॉर्डर पिलर्स की सुरक्षा तथा नो मैंस लैंड से जुड़ी समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में सीमावर्ती थानों एवं सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहते हुए छोटी से छोटी घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। दोनों देशों के अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्द बनाए रखने हेतु निरंतर समन्वय बनाए रखने पर बल दिया।

इस अवसर पर महोत्तरी, सर्लाही एवं रौतहट जिलों के सीडीओ एवं पुलिस अधीक्षक सहित भारत की ओर से सीतामढ़ी प्रशासन एवं एसएसबी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button