देहरादून हादसा : कंटेनर चालक पर केस दर्ज, सात दोस्तों में केवल सिद्धेश बचा जीवित
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान: देहरादून,उत्तराखंड
Dehradun के ओएनजीसी चौक पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे के चार दिन बाद घायल युवक सिद्धेश के पिता ने कंटेनर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। इस भीषण हादसे में सिद्धेश के छह दोस्तों की मौत हो गई थी, जबकि सिद्धेश गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज सिनर्जी अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, बीते सोमवार देर रात करीब दो बजे तेज रफ्तार कार ओएनजीसी चौक पर गुजर रहे कंटेनर के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही छह युवाओं की मौत हो गई। मृतकों में तीन युवतियां और तीन युवक शामिल थे।
हादसे में केवल सिद्धेश ही जीवित बचा। गंभीर हालत में उसे वहां से गुजर रहे फार्मासिस्ट दीपक पांडेय ने तत्काल सिनर्जी अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि गुरुवार तक सिद्धेश को होश नहीं आया था, हालांकि डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।
हादसे के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया था। अब घायल युवक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



