
बीमार बच्चे को लेकर लौट रहे यात्री की शिकायत पर चालक-परिचालक रूट ऑफ, परिवहन निगम ने जारी किया आदेश
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान; इटावा उत्तर प्रदेश
जसवंतनगर/इटावा। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के सैफई डिपो ने यात्री की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बस चालक और परिचालक को अग्रिम आदेश तक रूट ऑफ कर दिया है। यह कार्रवाई सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) द्वारा की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महलई गांव निवासी विवेक कुमार अपने लगभग 10 वर्षीय पुत्र राघव कुमार के साथ 6 जून 2026 को बस संख्या UP84T 4844 से यात्रा कर रहे थे। आरोप है कि बीमार बच्चे के साथ सफर कर रहे यात्री को जसवंतनगर फ्लाईओवर के नीचे स्थित चौराहे पर उतारने के बजाय बस को सीधे फ्लाईओवर के ऊपर से ले जाया गया, जिसके कारण पिता-पुत्र को इटावा बस स्टेशन तक जाना पड़ा।
मामले की शिकायत समाजसेवी प्रेम कुमार शाक्य ने मोबाइल फोन के माध्यम से क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) इटावा कपिलदेव तथा एआरएम सैफई शिवपूजन यादव से की थी। साथ ही पीड़ित यात्री की ओर से लिखित शिकायत भी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरएम ने एआरएम सैफई को तत्काल प्रभाव से संबंधित चालक और परिचालक के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद जारी कार्यालय आदेश के अनुसार बस चालक ओमवीर सिंह तथा परिचालक रवि कुमार को अग्रिम आदेश तक रूट ऑफ कर दिया गया है।
परिवहन निगम की इस त्वरित कार्रवाई को यात्री शिकायतों के प्रति संवेदनशील प्रशासनिक रवैये के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



