
टिकट की तलाश में बसपा की ओर रुख कर रहे भाजपा के कई ब्राह्मण नेता
रिपोर्ट; विशाल समाचार संवाददाता
स्थान: प्रयागराज लखनऊ उत्तर प्रदेश
प्रयागराज। विधानसभा चुनाव की आहट के साथ प्रयागराज में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। विभिन्न दलों के नेता संभावित टिकट को लेकर अपनी-अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुट गए हैं। इसी बीच भाजपा के कई ब्राह्मण नेताओं के बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के संपर्क में होने की चर्चा ने राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है।
सूत्रों के अनुसार भाजपा में टिकट के दावेदारों की संख्या अधिक होने के कारण कई नेता स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। ऐसे नेताओं में कुछ पूर्व बसपा नेता भी शामिल हैं, जो पहले बसपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे और अब चुनाव लड़ने की संभावनाओं को देखते हुए अपनी पुरानी पार्टी में वापसी की कोशिश कर रहे हैं।
प्रयागराज जिले की 12 विधानसभा सीटों में वर्तमान में भाजपा के छह विधायक हैं, जबकि उसकी सहयोगी पार्टियों अपना दल (एस) और निषाद पार्टी के एक-एक विधायक हैं। चार सीटों पर समाजवादी पार्टी का कब्जा है। ऐसे में आगामी चुनाव को लेकर सभी दलों में टिकट की दौड़ तेज हो गई है।
जानकारी के मुताबिक करछना विधानसभा क्षेत्र के एक पूर्व बसपा विधायक, जो वर्तमान में भाजपा से जुड़े हैं, बसपा के टिकट के लिए प्रयासरत हैं। वहीं मेजा विधानसभा क्षेत्र से भी भाजपा के कई ब्राह्मण नेता बसपा नेतृत्व के संपर्क में बताए जा रहे हैं। इसके अलावा शहर उत्तरी, फाफामऊ, हंडिया, शहर दक्षिणी और फूलपुर विधानसभा क्षेत्रों से भी कुछ नेताओं द्वारा बसपा से संपर्क साधे जाने की चर्चा है।
बसपा जिलाध्यक्ष टी.एन. जैसल ने बताया कि चुनाव को लेकर संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न दलों के कई नेता बसपा के संपर्क में हैं और कुछ पुराने नेता भी पार्टी में वापसी की इच्छा जता रहे हैं। उनके नामों पर संगठन स्तर पर विचार किया जा रहा है।
विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं की यह राजनीतिक सक्रियता आने वाले समय में जिले की राजनीति को और दिलचस्प बना सकती है।



