हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन 20 जुलाई तक, औरैया में निःशुल्क ई-सुविधा केंद्र की व्यवस्था
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, । जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक आवेदक 20 जुलाई 2026 तक हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट एवं हज सुविधा ऐप के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन भरने की निःशुल्क सुविधा ए.के.एम. इंटर कॉलेज, संजय गेट, पुराना नुमाइश रोड, औरैया स्थित हज ई-सुविधा केंद्र पर उपलब्ध कराई गई है।
अधिकारी ने बताया कि आवेदन के लिए मशीन-पठित (मशीन रीडेबल) पासपोर्ट अनिवार्य है तथा उसकी वैधता 31 दिसंबर 2027 तक होनी चाहिए। हज-2027 के लिए दो श्रेणियां निर्धारित की गई हैं—40 दिन और 20 दिन। 20 दिन की श्रेणी चुनने वाले यात्रियों के लिए केवल अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, कोच्चि, दिल्ली, हैदराबाद और मुंबई से उड़ानों की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
ऑनलाइन आवेदन के समय पासपोर्ट आकार का फोटो, पासपोर्ट के प्रथम एवं अंतिम पृष्ठ की प्रति, निवास प्रमाण पत्र, बैंक खाते का विवरण तथा कैंसिल चेक या बैंक पासबुक की प्रति अपलोड करना अनिवार्य होगा। एक आवेदन में अधिकतम पांच लोग शामिल हो सकते हैं, लेकिन सभी को एक ही श्रेणी का चयन करना होगा और प्रत्येक आवेदक का स्वयं का मोबाइल नंबर दर्ज करना आवश्यक होगा।
अधिकारी ने बताया कि 65 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाएं बिना मेहरम श्रेणी में आवेदन कर सकती हैं। वहीं, 65 वर्ष से अधिक आयु के सामान्य आवेदकों के साथ 40 से 64 वर्ष आयु का एक साथी (कम्पेनियन) होना आवश्यक होगा।
उन्होंने कहा कि हज नीति एवं विस्तृत दिशा-निर्देश हज कमेटी ऑफ इंडिया और उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। आवेदकों को आवेदन करने से पहले इन दिशा-निर्देशों का अवश्य अध्ययन करना चाहिए। आवेदन पूर्ण होने के बाद उसका प्रिंटआउट डाउनलोड कर उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति को उपलब्ध कराना होगा।



