बिहारशिक्षासीतामढ़ी

माननीय मुख्यमंत्री ने किया ‘सरस्वती विद्या निकेतन’ आदर्श विद्यालयों का वर्चुअल उद्घाटन

माननीय मुख्यमंत्री ने किया ‘सरस्वती विद्या निकेतन’ आदर्श विद्यालयों का वर्चुअल उद्घाटन

 

सीतामढ़ी जिले के 17 विद्यालयों को मिली नई पहचान, आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में ऐतिहासिक कदम

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान:सीतामढ़ी, बिहार 

बिहार सरकार के ‘सात निश्चय-3 (2025–30)’ के अंतर्गत शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई। बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने रविवार, 19 जुलाई 2026 को बेगूसराय स्थित IOCL स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय भव्य समारोह से राज्य के 551 ‘सरस्वती विद्या निकेतन’ (आदर्श विद्यालयों) का वर्चुअल उद्घाटन किया। इस अवसर पर सीतामढ़ी जिले के 17 विद्यालयों का भी वर्चुअल उद्घाटन किया गया।

सीतामढ़ी जिले में इस अवसर पर एम.पी. हाई स्कूल में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के पदाधिकारियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने समारोह का सीधा प्रसारण देखा तथा इस ऐतिहासिक पहल के साक्षी बने।

 

इन आदर्श विद्यालयों में विद्यार्थियों को आधुनिक एवं तकनीक आधारित शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सभी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इन विद्यालयों का उद्देश्य कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को निजी विद्यालयों के समकक्ष गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा निःशुल्क उपलब्ध कराना है, ताकि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को समान अवसर प्राप्त हो सके।

 

कार्यक्रम में उपस्थित माननीय सांसद, सीतामढ़ी श्री देवेश चंद्र ठाकुर ने कहा कि यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक परिवर्तन का आधार बनेगी। आधुनिक सुविधाओं से युक्त इन विद्यालयों के माध्यम से जिले के विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की यह महत्वाकांक्षी योजना शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ-साथ विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

वहीं जिलाधिकारी श्री रिची पांडेय ने कहा कि ‘सरस्वती विद्या निकेतन’ की स्थापना राज्य सरकार की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। इन विद्यालयों के माध्यम से जिले के विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधनों से युक्त गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त होगी, जिससे उनकी शैक्षणिक क्षमता, तकनीकी दक्षता तथा प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में सफलता की संभावनाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन इन विद्यालयों के प्रभावी संचालन एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।

कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी के साथ शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं शिक्षक गण उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button