
इटावा में डबल मर्डर से सनसनी, मां-बेटी की गला काटकर हत्या
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा। भरथना ब्लॉक के चनेठी गांव में मां-बेटी की बेरहमी से हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों के रक्तरंजित शव घर के अंदर मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतकों की पहचान 60 वर्षीय पुष्पा यादव और उनकी 40 वर्षीय बेटी मंजू देवी उर्फ निर्मला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों घर में अकेली रहती थीं और मकान करीब दो दिन से बंद था।
सोमवार सुबह दूधिया के आवाज देने के बावजूद दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद पड़ोसियों ने किसी तरह घर के अंदर जाकर देखा तो चारपाई पर पुष्पा यादव का शव पड़ा था, जबकि मंजू देवी का शव आंगन में मिला। मौके से खून से सनी दरांती भी बरामद होने की बात सामने आई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, एक युवक लाल स्कूटी से अक्सर इस घर में आता-जाता था। पुलिस अब इस युवक समेत सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इटावा में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं के बीच इस डबल मर्डर ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।



