
उमर अब्दुल्ला से मिले अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर, बोले- जम्मू-कश्मीर भारत का अहम हिस्सा
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान श्रीनगर जम्मू-कश्मीर
श्रीनगर,। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने बुधवार को श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात की। मुलाकात के बाद गोर ने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अहम हिस्सा है।
सर्जियो गोर की यह जम्मू-कश्मीर की पहली यात्रा है। उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के साथ जम्मू-कश्मीर और अमेरिका के बीच आर्थिक सहयोग को मजबूत करने तथा पर्यटन और अन्य क्षेत्रों में नए अवसर पैदा करने को लेकर चर्चा की।
यात्रा एडवाइजरी की समीक्षा के संकेत
अमेरिकी राजदूत ने जम्मू-कश्मीर के लिए जारी अमेरिकी ट्रैवल एडवाइजरी को लेकर भी महत्वपूर्ण संकेत दिए। उन्होंने कहा कि अमेरिका अपनी ट्रैवल वॉर्निंग की समय-समय पर समीक्षा करता है और मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए इसमें कमी किए जाने की संभावना पर विचार किया जाएगा।
गोर ने कहा कि नई दिल्ली और जम्मू-कश्मीर की सरकार ने क्षेत्र को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर की खूबसूरती की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि बड़ी संख्या में अमेरिकी पर्यटक यहां आकर इसकी खूबसूरती और उपलब्ध अवसरों का आनंद ले सकेंगे।
पर्यटन और नई अर्थव्यवस्था पर चर्चा
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मुलाकात के बाद कहा कि उन्होंने अमेरिका के साथ जम्मू-कश्मीर के सहयोग को बढ़ाने और गहरा करने की संभावनाओं पर सकारात्मक बातचीत की। इसमें विशेष रूप से पर्यटन, बागवानी और नई अर्थव्यवस्था जैसे क्षेत्रों पर चर्चा हुई।
सर्जियो गोर ने मुलाकात को गर्मजोशी भरी और दोस्ताना बताते हुए कहा कि दोनों पक्षों के बीच आगे की बातचीत को वॉशिंगटन और नई दिल्ली तक ले जाया जाएगा।
अमेरिकी राजदूत का जम्मू-कश्मीर को भारत का अहम हिस्सा बताना और क्षेत्र के लिए जारी ट्रैवल एडवाइजरी की समीक्षा के संकेत देना इस दौरे की प्रमुख बात मानी जा रही है।



