
बैंक ऑफ बड़ौदा ने श्री विजयापुरम में बालिका शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को दिया बढ़ावा
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान पुणे महाराष्ट्र
बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने श्री विजयापुरम में बालिका शिक्षा और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण में की सहायता आर्थिक रूप से कमज़ोर वर्ग की महिलाओं को 50 सिलाई मशीनें और वंचित वर्ग की छात्राओं को 50 साइकिलें वितरित की गईं
श्री विजयापुरम, 3 सितंबर, 2026: भारत के अंतर्राष्ट्रीय बैंक, बैंक ऑफ़ बड़ौदा, ने आर्थिक रूप से कमज़ोर वर्गों की महिलाओं के लिए आजीविका के अवसर सृजन करने और बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से श्री विजया पुरम (पूर्व में पोर्ट ब्लेयर) में एक कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल का आयोजन किया। इस पहल के भाग के रूप में, बैंक ने स्कूल आने-जाने में सुविधा के लिए वंचित वर्ग की छात्राओं को 50 साइकिलें वितरित कीं। इसके अलावा, आर्थिक रूप से कमज़ोर वर्ग की महिलाओं को 50 सिलाई मशीनें भी प्रदान कीं, जिससे वे आय सृजन के अवसरों को अपना सकें और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।
बैंक ने स्वयं सहायता समूह वित्त शिविर का भी आयोजन किया ताकि एसएचजी को सुलभ और औपचारिक ऋण प्राप्त हो सके। इस पहल का उद्देश्य अधिक महिलाओं को औपचारिक बैंकिंग प्रणाली से जोड़ना तथा जमीनी स्तर पर उद्यमिता और संवहनीय आजीविका सृजन में सहयोग प्रदान करना है।
इस अवसर पर अपने विचार रखते हुए, बैंक ऑफ़ बड़ौदा के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ. देबदत्त चांद ने कहा, “बैंक ऑफ़ बड़ौदा में, हमारा विश्वास है कि वित्तीय समावेशन लोगों को सुरक्षित और आत्मनिर्भर जीवन जीने के अवसर प्रदान करने के बारे में है। बालिका शिक्षा का समर्थन करके, महिलाओं के लिए आजीविका के अवसर उपलब्ध करके और स्व-सहायता समूहों को सुलभ ऋण प्रदान कराकर, हमारा उद्देश्य जमीनी स्तर पर सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। ये पहल समावेशी विकास के प्रति हमारी प्रतिबद्धता और ‘नेतृत्व भरोसे का’ की हमारी भावना के अनुरूप समुदायों के साथ साझेदारी करने के हमारे संकल्प को दर्शाती है।
इस कार्यक्रम में कोलकाता अंचल के महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख श्री के. आर. कगदाल; कॉर्पोरेट कार्यालय से महाप्रबंधक श्री आर. के. गोयल तथा ग्रेटर कोलकाता क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रमुख श्री तपन सिन्हा सहित बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
इन पहलों के माध्यम से, बैंक ऑफ़ बड़ौदा शिक्षा, वित्तीय सेवाओं और स्थायी आजीविका के साधनों की पहुँच को बढ़ाकर स्थानीय समुदायों के सामाजिक-आर्थिक विकास में अपना योगदान देता रहता है।
बैंक ऑफ़ बड़ौदा ने जनवरी 1996 में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अपनी पहली शाखा की शुरुआत की थी और तब से लेकर अब तक वहाँ चार शाखाएँ और दो एटीएम स्थापित किए हैं, जिसका कुल कारोबार लगभग ₹435 करोड़ है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह बैंक के कोलकाता अंचल के अंतर्गत है, जिसके तहत बैंक ऑफ़ बड़ौदा वर्तमान में 265 शाखाओं का संचालन करता है। बैंक सरकार द्वारा प्रायोजित योजनाओं का समर्थन करने और वित्तीय समावेशन की पहलों को और सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है, साथ ही पूरे क्षेत्र में ग्राहकों की बैंकिंग आवश्यकताओं को पूरा करता रहेगा।



