
जीरो पॉवर्टी अभियान, स्वच्छ भारत मिशन, बीबीजी रामजी योजना, गौशाला एवं डिजिटल लाइब्रेरी की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा –जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जीरो पॉवर्टी अभियान, स्वच्छ भारत मिशन, बीबीजी रामजी योजना, गौशाला एवं डिजिटल लाइब्रेरी की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी महोदय ने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डिजिटल लाइब्रेरी की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी महोदय ने निर्देश दिए कि शासनादेश एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएं। विद्यार्थियों के लिए वर्तमान समय में उपयोगी एवं नवीनतम पुस्तकों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने बताया कि जनपद में 117 डिजिटल लाइब्रेरियां हैं, जिनका 25 सितंबर को उद्घाटन होना है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्घाटन से पूर्व सभी डिजिटल लाइब्रेरियों के परिसरों एवं आसपास के क्षेत्र की विशेष रूप से साफ-सफाई कराई जाए तथा आवश्यकतानुसार सजावट की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। डिजिटल लाइब्रेरी से जुड़े सदस्यों एवं विद्यार्थियों को भी कार्यक्रम में आमंत्रित कर पूरी तैयारी समय से पूर्ण कराई जाए, ताकि सभी लाइब्रेरियां व्यवस्थित एवं आकर्षक दिखाई दें।
स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि गांवों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए उपलब्ध सभी संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि गांवों में घर-घर कूड़ा एकत्र करने वाली गाड़ियों का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि ग्राम स्तर पर प्रभावी ढंग से कूड़ा संग्रहण की व्यवस्था की जाए तो ग्रामीण भी इसमें पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि कूड़ा संग्रहण के बाद वेस्ट का उचित एवं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। ग्राम स्तर पर स्थापित आरआरसी सेंटरों को पूरी तरह फंक्शनल किया जाए तथा उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग किया जाए।जिलाधिकारी महोदय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केवल व्यवस्थाएं उपलब्ध कराना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका धरातल पर प्रभावी संचालन भी सुनिश्चित किया जाए। ग्रामों की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देते हुए अभियान चलाकर गांवों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जाए।
गौशालाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि सभी गौशालाओं में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर किया जाए। जहां गंदगी है वहां विशेष अभियान चलाकर सफाई कराई जाए। सभी गौशालाओं में गोवंश के लिए दाना, हरा चारा एवं पर्याप्त भरण-पोषण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को अभियान चलाकर गौशालाओं की सफाई कराने तथा गोवंश का समयबद्ध टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोवंश सड़कों पर न घूमे और गौशालाओं में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध रहें। जिलाधिकारी महोदय ने गौशालाओं को चारागाहों से जोड़ने तथा चारागाहों में नेपियर घास लगाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि तीन माह लगातार मेहनत कर नेपियर घास को विकसित किया जाए तो आगे पर्याप्त मात्रा में हरे चारे की व्यवस्था हो सकती है।
जीरो पॉवर्टी अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि चिन्हित परिवार जनपद के सबसे निर्धन एवं वंचित परिवार हैं। इन परिवारों को केवल आर्थिक सहायता देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें स्थायी रूप से गरीबी से बाहर निकालने के लिए सभी मूलभूत सुविधाओं एवं सरकारी योजनाओं से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि चिन्हित परिवारों के युवाओं को उनकी रुचि एवं योग्यता के अनुसार कौशल प्रशिक्षण दिलाकर रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि युवाओं की स्किलिंग इस अभियान की सफलता का महत्वपूर्ण आधार है। जिलाधिकारी महोदय ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि जीरो पॉवर्टी के चिन्हित परिवारों के युवाओं की स्किलिंग कराना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को प्रशिक्षण एवं रोजगार से जोड़कर ही परिवारों को स्थायी रूप से गरीबी से बाहर निकाला जा सकता है। सेवायोजन विभाग को प्रशिक्षण के बाद रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बीबीजी रामजी योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि योजना के अधिकांश कार्य जल संरक्षण एवं जनहित से जुड़े हैं। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को ग्राम स्तर पर बैठकें आयोजित कर आवश्यक एवं उपयोगी कार्यों का चिन्हांकन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत ऐसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाए जिनसे सीधे आमजन को लाभ मिले। साथ ही ग्रीन डेवलपमेंट पर विशेष फोकस करते हुए पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं ग्रामों के समग्र विकास से संबंधित कार्यों को चिन्हित कर शीघ्र प्रारंभ कराया जाए।
जिलाधिकारी महोदय ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत होने वाले सभी कार्यक्रमों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग पूरी तैयारी के साथ आयोजन करें। उन्होंने विशेष रूप से 3 से 9 तारीख के बीच आयोजित होने वाले शिवरों की तैयारियां बेहतर ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन केवल कागजी प्रगति तक सीमित न रहे, बल्कि उसका स्पष्ट प्रभाव धरातल पर दिखाई देना चाहिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, आई0ए0एस कोमल पुनिया, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रमेश चन्द्र, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धर्मेन्द्र सिंह, डी0पी0आर0ओ रोहित कुमार, समस्त खंड विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे।



