
इटावा में जिला पंचायत की बैठक जिला अध्यक्ष अंशुल यादव की अध्यक्षता जिला पंचायत सभागार डाक बंगला परिसर में आयोजित की गई।
इटावा विशाल समाचार संवाददाता: अध्यक्ष अंशुल यादव जिला पंचायत की अध्यक्षता में जिला पंचायत की बैठक जिला पंचायत सभागार डाक बंगला परिसर में आयोजित की गई।
बैठक में सर्वप्रथम जिला पंचायत क्षेत्र भरथना सदस्य द्वारा सवाल उठाया गया कि भरथना से बकेवर, बकेवर से लखना मार्ग का कार्य आधा अधूरा होकर अभी रुका हुआ है जिससे कई दुर्घटनाएं हो रही है और वहां की आम जनता को समस्या का सामना करना पड़ रहा है जिसपर संबंधित अधिकारी द्वारा तीन दिन के अंदर कार्य पूर्ण किए जाने हेतु कहा। सदस्य द्वारा बताया गया कि विभागीय अधिकारियों द्वारा जनसूचना का जवाब 6 महीने से पेंडिंग है इसका जवाब अभी तक नहीं दिया गया जिसपर अध्यक्ष महोदय द्वारा जिला पंचायत अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि आर०टी०आई०का जवाब तीन दिन के अंदर दिया जाए। जिला पंचायत सदस्य ताखा द्वारा बताया गया कि ग्रामों में सफाई कर्मी द्वारा कार्य नहीं किया जा रहा है एवं ग्राम पालन अड्डा में सफाई कर्मी नहीं आ रहा है एवं किशनी विधूना मार्ग की सड़कें टूटी पड़ी हुई हैं अभी तक इसका कार्य नहीं हुआ है। अहेरीपुर अटसू मार्ग पर अत्यधिक गढ्ढे हो रहे है जिससे आम जनता को आने जाने में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

जिला पंचायत अध्यक्ष महोदय ने बैठक में अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग, पी०डब्लू०डी०, कृषि विभाग सहित अन्य विभाग के अधिकारी अनुपस्थित पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत बोर्ड की बैठक रखी जाती है जिससे आम जनता की समस्याओं का समाधान हो। उन्होंने कहा कि अधिकारियों से लगातार कार्य के लिए कहा जाता है लेकिन कार्य में कोई भी सुधार नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विद्युत विभाग द्वारा अत्यधिक लूट हो रही है एवं गांवों को चिन्हित कर किस गांवों में किस पार्टी के लोग रह रहे है अत्यधिक उन्हीं गांवों की बिजली कटौती की जा रही है। उन्होंने कहा की सभी संबंधित अधिकारी अपने कार्य शैली में सुधार लाएं अन्यथा की स्थिति में ऐसा मौका न दिया जाए कि आने वाले समय में अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही करनी पड़े।
बैठक के दौरान जिला अध्यक्ष प्रदीप शाक्य उर्फ बबलू, सांसद प्रतिनिधि बीरू भदौरिया, जसवन्तनगर विधायक प्रतिनिधि सोनू यादव, सदर विधायक प्रतिनिधि हरि नारायण बाजपेई, भरथना विधायक प्रतिनिधि, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत स्वाती जैन, संबंधित अधिकारीगण सहित समस्त जिला पंचायत सदस्यगण आदि उपस्थित रहे।

