इटावा

इटावा : जनपद में विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक, गौशालाओं की दशा पर डीएम ने जताई नाराजगी

इटावा : जनपद में विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक, गौशालाओं की दशा पर डीएम ने जताई नाराजगी

 

इटावा विशाल समाचार संवाददाता:जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मनरेगा, जीरो पावर्टी अभियान, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन 2.0, गौशाला, आयुष्मान भारत योजना, वृक्षारोपण, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, फैमिली आईडी, निपुण अभियान, पीएम सूर्य घर योजना, लखपति दीदी योजना, सांसद निधि समेत विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

 

गौशालाओं की बदहाल स्थिति पर जताई चिंता

जिलाधिकारी ने गौशालाओं की खराब दशा और अतिकुपोषित गौवंश पर नाराजगी व्यक्त करते हुए पशुपालन विभाग को निर्देशित किया कि बीमार और कमजोर गौवंश का तत्काल इलाज कराया जाए। उन्होंने सभी बीडीओ को निर्देश दिए कि वे स्वयं गौशालाओं का निरीक्षण कर सफाई, छाया, सुरक्षा आदि व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। डीएम ने कहा कि गौशाला में दर्ज गौवंश की संख्या और पोर्टल पर दर्ज संख्या में कोई अंतर नहीं होना चाहिए। साथ ही भूसा खरीद की मात्रा बढ़ाने और बल्क में खरीदारी करने के निर्देश भी दिए, ताकि भविष्य में चारे की समस्या न हो।

 

मियावाकी वृक्षारोपण और खेल मैदानों पर जोर

डीएम ने मियावाकी पद्धति से वृक्षारोपण में महुआ, आंवला, चिरौंजी जैसे पौधों को लगाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि वन महोत्सव के दौरान 35 हेक्टेयर में मियावाकी वन शोकेस किया जा सकता है। मियावाकी वन में बैठने की व्यवस्था और तारबंदी कराने के भी निर्देश दिए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के लिए खेल मैदान और रनिंग ट्रैक बनाए जाने पर भी बल दिया गया।

 

आवास, स्वास्थ्य और पहचान योजनाओं की समीक्षा

आयुष्मान भारत योजना के तहत अधिक से अधिक कार्ड बनाए जाने और उनके माध्यम से हुए इलाज की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए। फैमिली आईडी के अस्वीकृत मामलों की जांच कर विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक आईडी बनवाने के निर्देश भी दिए गए।

 

पीएम विश्वकर्मा और सूर्य घर योजना पर फोकस

उपयुक्त उद्योग सुधीर कुमार ने बताया कि पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत नाव निर्माता, अस्त्रकार, लोहार, कुंजी साज एवं मोची ट्रेड्स संचालित हैं। डीएम ने गरीब जूते-चप्पल कारीगरों को चिन्हित कर नए फॉर्म भरवाने और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत भी नए फॉर्म भरवाने के निर्देश दिए।

 

लखपति दीदी योजना का लक्ष्य बढ़ाने के निर्देश

डीएम ने लखपति दीदी योजना का लक्ष्य बढ़ाने, INRM के पेंडिंग बिलों का शीघ्र भुगतान कराने और समर कैंप में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के भी निर्देश दिए।

 

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी रमेश चंद्र, जिला पंचायत राज अधिकारी बनवारी सिंह, श्रमायुक्त श्वेता गर्ग, जिला प्रोबेशन अधिकारी सूरज सिंह, अधिशासी अभियन्ता नगर पालिका परिषद विनय मणि त्रिपाठी, उपायुक्त उद्योग सुधीर कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय कुमार समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button