
जनपद भदोही के प्रभारी मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश
अविकसित/अनाधिकृत कालोनीवासियों को भी मिलेगा विद्युत कनेक्शन, बास-बल्ली लगाकर तार खींचने से मिलेगा छुटकारा- ऊर्जा मंत्री
लखनऊ/भदोही विशाल समाचार संवाददाता
उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री व जनपद प्रभारी मंत्री श्री ए. के. शर्मा शनिवार को भदोही जनपद पहुंचकर जिले के कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों और जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों, राजस्व एवं कानून व्यवस्था सहित विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
सीएम डैशबोर्ड में ई, डी, सी श्रेणी में रहने वाले विभागों को प्रभारी मंत्री ने प्रभावी विकास कार्य कराते हुए अगले माह के रैकिंग में सुधार का निर्देश दिया। जिले में पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा में पीओ नेडा ने बताया गया कि इस माह 58 सोलर सिस्टम लगाये गये है। अगले दो माह में अभियान चलाकर वृहद स्तर पर लोगों को योजनाओं से संतृप्त करते हुए ए श्रेणी में रहने की प्रतिबद्धता जताई। जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा की गई सड़क कटान/खुदाई आदि की शिकायतों को गम्भीरता से लेते हुए प्रभारी मंत्री ने सड़कों को अच्छे से समय-सीमा में रिपेयरिंग/रेस्टोरेशन करने का निर्देश दिया। नगर पालिका परिषद गोपीगंज अध्यक्ष द्वारा दो वर्ष पूर्व बने टंकी में लिकेज की शिकायत पर कार्यदायी संस्था द्वारा केमिकल ट्रीटमेंट के माध्यम से लिकेज को अविलम्ब ठीक करने के की बात कही गई। अध्यक्ष द्वारा गोपीगंज मिर्जापुर मार्ग सड़क चौड़ीकरण के क्रम में एक साईड में चार फीट गढ्ढे खोद दिये जाने के दृष्टिगत मानसून सत्र में श्रद्धालुओं व कांवरियों के आवागमन के दृष्टिगत प्रभारी मंत्री ने गढ्ढ़ों में गिट्टी भरकर बराबर लेवल करने का निर्देश दिया। सीएमआईएस निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान कार्यदायी संस्था यूपीसीएलडीएफ द्वारा अल्संख्यक विभाग के 08 पानी टंकी एवं वीएनजीआईसी ज्ञानपुर में मल्टीपर्पज हाल, प्रयोगशाला, हाल, शौचालय आदि निर्माण कार्य में देरी होने पर प्रभारी मंत्री ने नाराजगी व्यक्त करते हुए अविलम्ब पूर्ण करने का निर्देश दिया। यूपी निर्माण निगम सोनभद्र इकाई द्वारा भी कार्य में शिथिलता बरते जाने पर नाराजगी व्यक्त की।

विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान अधीक्षण अभियंता विद्युत राधेश्याम द्वारा बताया गया कि ट्रान्सफार्मर वर्कशाप पर लोड है। पिछले महीने 124 ट्रॉन्सफार्मर समय-सीमा में बदले गये थे। ऊर्जा मंत्री जी द्वारा आरडीएसएस योजना में जिले के कितने मजरे लिए गये पूछने पर अधीक्षण अभियंता द्वारा बताया गया कि 37 मजरे को कवर किया गया है। ऊर्जा मंत्री जी द्वारा बताया गया कि अभी हाल में शुरू किये गये नये अभियान के क्रम में अब अविकसित/अनाधिकृत कालोनीवासियों को भी कनेक्शन दिया जायेगा। पूर्व में जहॉ पर बांस बल्ली लगाकर विद्युत तारों को खींचा गया था। कनेक्शन हेतु आवेदन देने पर वहॉ भी विद्युत खम्भे लगाकर सुरक्षित तरीके से विद्युत उपलब्ध कराया जायेगा। गोपीगंज नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा शिकायत की गई की गोपीगंज क्षेत्र के सारे ट्रॉन्सफार्मर में एल्यूमीनियम के फ्यूज लगे होने के कारण बार-बार ट्रिप होने से विद्युत निर्वाध नही पहुॅच रही है। यही शिकायत नई बाजार के प्रतिनिधि द्वारा भी की गई। जिस पर ऊर्जा मंत्री ने विद्युत विभाग को समस्या तत्काल ठीक करने का निर्देश दिया। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान उप निदेशक कृषि द्वारा बताया गया कि विकसित कृषि संकल्प योजना के अभियान के अन्तर्गत 29 मई से 12 जून तक प्रत्येक दिन तीन सत्रों में निर्धारण गॉव में स्टॉल कैम्प लगाकर कृषि वैज्ञानिकों द्वारा स्वायल तकनीकी सहित कृषि क्षेत्र में नवीन तकनीकी व उन्नत बीजों पर बल दिया जा रहा है। ग्राम विभाग की समीक्षा में सीडीओ द्वारा बताया गया पीएम आवास के अन्तर्गत 51 हजार का सर्वेक्षण हुआ है। साथ ही प्रभारी पीओ डूडा द्वारा बताया गया कि पीएम नगरीय आवास के अन्तर्गत प्राप्त 36 हजार आवेदनों में से प्रथम चरण में 25 सौ का टारगेट पूरा करते हुए डीपीआर लोड कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने प्राप्त डॉक्टरों की अनुपस्थिति की शिकायत को गम्भीरता से लेते हुए सीएमओ को निर्देशित किया कि जो डॉक्टर बिना छुट्टी स्वीकृति लिए गायब चल रहे है या नही आ रहे है, उनको सस्पेंड करते हुए एमसीआई से उनका रजिस्ट्रेशन कैंसल करने हेतु पत्र भेजें। डीएफओ द्वारा बताया गया कि वृहद वृक्षारोपण महाअभियान द्वारा प्राप्त 12 लाख 60 हजार वृक्षारोपण लक्ष्य के क्रम में वन विभाग के विभिन्न नर्सरियों में 24 लाख पौधे तैयार किये गये है। विभिन्न विभागों द्वारा 25 जून से पौधे उठान के साथ ही जुलाई के प्रथम सप्ताह में एक वृक्ष मॉ के नाम अभियान सहित वृक्षारोपण को सम्पादित किया जायेगा। समाज कल्याण विभाग की समीक्षा में बताया गया कि 28 कैम्प लगाकर वृद्धावस्था के 800 आवेदन, निराश्रित महिला पेंशन के 1137 आवेदन, दिव्यांग पेंशन के 52 आवेदन प्राप्त हुए है। नई बाजार निकाय अध्यक्ष प्रतिनिधि ने अपने निकाय में कैम्प लगाने का निवेदन किया। प्रभारी मंत्री ने इस वर्ष और प्रभावी ढंग से कार्य करते हुए विभिन्न पेंशनों के पत्रों की संख्या को बढ़ाने का निर्देश दिया।
जिलाध्यक्ष भाजपा दीपक मिश्रा द्वारा पेंशन प्राप्त कर रहे व्यक्तियों को मृत घोषित कर पेंशन बन्द करने की शिकायत को पटल पर गम्भीरता से रखा गया। जिस पर प्रभारी मंत्री ने ऐसे सभी व्यक्तियों की सूची समाज कल्याण अधिकारी को देते हुए दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। एलडीएम को निर्देशित किया गया कि कैम्प लगाकर सीएम युवा उद्यमी अभियान सहित अन्य लाभपरक योजनाओं में लाभार्थियों को संतृप्त किया जाय। उपायुक्त उद्योग द्वारा बताया गया कि ओडीओपी के फाईनेंस सेक्सन में ए प्लस श्रेणी में हैं। ट्रेनिंग सेक्सन में और अधिक बल दिये जाने की आवश्यकता है। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजनान्तर्गत पिछले वर्ष में 775 लोगों को परम्परागत कार्य में ट्रेंड किया गया था। इस वर्ष प्रभारी मंत्री ने 1500 लोगों को ट्रेंड करने का निर्देश दिया। एक्सपोमार्ट के कुशल संचालन हेतु शासन को पत्र भेजने का निर्देश दिया।

जनपद प्रभारी मंत्री ने उद्यान विभाग के अन्तर्गत हॉर्टीकल्चर, फ्लोरीकल्चर पर बल देते हुए सब्जी, फल, फूल के उत्पादन को नवीन तकनीकी आधारित बढ़ाते हुए दुबई शारजाह देशों को बाबतपुर एयरपोर्ट से निर्यात करने का निर्देश दिया। उप निदेशक कृषि द्वारा बताया गया कि सागर एफपीओ द्वारा जनपद में परवर की वृहद पैमाने पर उत्पादन कराकर दुबई निर्यात किया जा रहा है। जिस पर प्रभारी मंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए एफपीओ को भी एक्सपोजर विजिट के माध्यम से प्रोत्साहित करने हेतु निर्देशित किया गया। फिसरीज में भी नई सम्भावनाओं पर बल दिया गया। ग्रामीण स्टेडियम पर जिलाधिकारी द्वारा बताया गया कि एक ब्लाक में पहले से ही एक ग्रामीण स्टेडियम है। शेष पॉच ब्लाकों में भूमि का चिन्हॉकन हो गया है।
नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग के मंत्री होने के नाते प्रभारी मंत्री ने दोनों विभागों के अधिकारियों को एक साथ बैठक कर निकायो व जनपद के विकास हेतु समन्वय व सहयोग से कार्य करने का निर्देश दिया। नगरीय निकायों में भी स्टेडियम अच्छे पार्क व वॉकिग ट्रैक की आवश्यकता पर बल देते हुए प्रपोजल भेजने का निर्देश दिया। मानसून के दृष्टिगत सभी निकायों में जल निकासी व जल भराव के समाधान के दृष्टिगत सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूर्व वर्षो में जिन स्थलों पर जल भराव होता था। वहां पर प्रभावी तरीके से निकासी हेतु रणनीति बनाकर कार्य करें। कलेक्ट्रेट मुख्यालय को मिलाते हुए ज्ञानपुर एवं घोषिया निकाय में माधोसिंह को मिलाते हुए नगर पालिका परिषद बनाने की दिशा में बल दिया गया।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार द्वारा समीक्षा बैठक के दौरान विभिन्न विकासात्मक बिन्दुओं पर बल दिया गया। साथ ही पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक द्वारा भी जनपद में शान्ति सुरक्षा व कानून व्यवस्था के दृष्टिगत किये गये प्रभावी कार्यो से प्रभारी मंत्री जी को अवगत कराया गया। प्रभारी मंत्री जी द्वारा समीक्षा बैठक के अन्त में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मा0 प्रधानमंत्री व मा0 मुख्यमंत्री जी के मंशानुरूप कार्य करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों से जनपदवासियों को संतृप्त किया जाय।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरूद्ध त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, नगरीय निकायों के चेयरमैन व अन्य जनप्रतिनिधियों सहित जिलाधिकारी शैलेष कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, मुख्य विकास अधिकारी डॉ शिवाकांत द्विवेदी व अपर जिलाधिकारी कुंवर वीरेन्द्र मौर्य व अन्य जनप्रतिनिधिगण के साथ समस्त विभागों के जनपदीय अधिकारी उपस्थित रहे।



