इटावा में नागरिक सुरक्षा कोर की स्थापना, इच्छुक नागरिकों से आवेदन आमंत्रित
विशाल समाचार संवाददाता इटावा
इटावा: उत्तर प्रदेश सरकार के ऐतिहासिक निर्णय के तहत जनपद इटावा में नागरिक सुरक्षा कोर (सिविल डिफेंस कोर) की स्थापना कर दी गई है। जिला मजिस्ट्रेट शुभ्रान्त कुमार शुक्ल ने बताया कि शासन के आदेशानुसार नागरिक सुरक्षा अधिनियम, 1968 की धारा-4(1) एवं नियमावली 1968 के नियम-19(1) के तहत डीएम को नागरिक सुरक्षा कोर के गठन व संचालन की शक्तियां दी गई हैं।
इच्छुक व योग्य नागरिक, जो नागरिक सुरक्षा कोर के सदस्य बनना चाहते हैं, वे आवेदन पत्र का प्रारूप एवं नियम-शर्तें जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी, इटावा के कार्यालय या कलेक्ट्रेट के कक्ष संख्या-20 से कार्यदिवसों में प्राप्त कर सकते हैं। पूर्ण आवेदन पत्र वहीं जमा किए जाएंगे। आवेदन की प्रक्रिया, योग्यता व अन्य जानकारी जनपद की वेबसाइट etawah.nic.in पर भी उपलब्ध है।
सिविल डिफेंस कोर का उद्देश्य आपातकालीन स्थितियों में जीवन रक्षा, संपत्ति की सुरक्षा, उत्पादन को बनाए रखना और जनता का मनोबल ऊंचा रखना है। इस कोर के गठन से स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण और सेवा के नए अवसर मिलेंगे तथा आपदा प्रबंधन में प्रशासन को मजबूती मिलेगी।


