
सीतामढ़ी सदर एसडीपीओ रामकृष्ण सिंह का स्थानांतरण आदेश स्थगित, वर्तमान पद पर कार्यरत रहेंगे
सीतामढ़ी, कुणाल किशोर संवाददाता
हाल में जारी स्थानांतरण आदेशों में शामिल सीतामढ़ी सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रामकृष्ण सिंह का तबादला फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। प्रशासनिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, वे अब अगले आदेश तक अपने वर्तमान पद पर ही कार्यरत रहेंगे।
सूत्रों के अनुसार, जिले में विधि-व्यवस्था से जुड़े कुछ संवेदनशील प्रकरणों, महिला अपराध नियंत्रण, तथा चल रही अहम जांचों में एसडीपीओ रामकृष्ण सिंह की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसी कारण उन्हें तत्काल रिलीव नहीं किया गया है और विशेष परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उनका ट्रांसफर रोक दिया गया है।
प्रशासनिक स्तर पर यह निर्णय जिला प्रशासन की सिफारिश और उच्चस्तरीय समीक्षाओं के आधार पर लिया गया है। माना जा रहा है कि जिले की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था तथा कुछ संवेदनशील मामलों की जाँच को लेकर रामकृष्ण सिंह की मौजूदगी को बेहद आवश्यक समझा गया।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में जिले में घटित कुछ मामलों में उनकी सक्रियता और तेजतर्रार कार्यशैली को लेकर सामाजिक तथा प्रशासनिक स्तर पर सकारात्मक चर्चाएं हुई थीं। महिला अपराध नियंत्रण, शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा संगठित आपराधिक तत्वों पर कार्रवाई को लेकर वे विशेष रूप से सुर्खियों में रहे हैं।
इस निर्णय के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि श्री रामकृष्ण सिंह सीतामढ़ी सदर एसडीपीओ के पद पर आगामी आदेश तक बने रहेंगे। जब तक उन्हें लेकर कोई नया निर्देश जारी नहीं किया जाता, वे पूर्ववत दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे।
यह सूचना पूर्णतः प्रमाणिक है तथा उच्च प्रशासनिक सूत्रों द्वारा पुष्ट की गई है। जिले में कानून व्यवस्था की निरंतर निगरानी और निष्पक्ष कार्यशैली के चलते एसडीपीओ श्री सिंह को फिलहाल रिलीव नहीं किया गया है।


