भोगनीपुर नहर में युवक ने लगाई छलांग, शादी के बाद से तनाव में था 22 वर्षीय अमन, एनडीआरएफ की टीम सर्च में जुटी
ब्यूरो – विशाल समाचार, इटावा
जसवंतनगर क्षेत्र के भोगनीपुर गंग नहर में शनिवार सुबह एक युवक ने छलांग लगा दी। घटना सागर ढाबा के पास हाईवे पर स्थित नहर पुल की है, जहां सुबह करीब 9:30 बजे 22 वर्षीय अमन कुमार ने पानी में छलांग लगाई और देखते ही देखते गहरे पानी में समा गया।
स्थानीय जानकारी के अनुसार, अमन का विवाह जनवरी 2025 में फर्रुखाबाद की कीर्ति नामक युवती से हुआ था। शादी के बाद से ही वह मानसिक तनाव में बताया जा रहा था। ग्रामीणों ने बताया कि वह अक्सर नहर किनारे टहलने आता था। प्रत्यक्षदर्शी किसान रमेश के अनुसार, अमन को पुल से छलांग लगाते देखा गया और कुछ दूरी तक पानी में बहते देखा, फिर वह ओझल हो गया।
सूचना मिलते ही परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बाद में पुलिस को सूचना दी गई, जिस पर क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह और थानाध्यक्ष रामसहाय सिंह पटेल पुलिस बल के साथ पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों और फायर ब्रिगेड की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब दोपहर 2 बजे एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और स्टीमर के माध्यम से युवक की तलाश शुरू की, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई सुराग नहीं मिल सका।
अमन तीन भाइयों में सबसे छोटा था। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। उसके पिता राजकुमार टकपुरा में रहते हैं और मजदूरी कर परिवार चलाते हैं। अमन के भाई अवधेश कुमार सागर ढाबा में काम करते हैं। घटना के बाद से पूरे परिवार में मातम पसरा है। मां मधु देवी और पत्नी कीर्ति का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के चलते क्षेत्र में शोक और सन्नाटा फैला हुआ है।

