पूणे

विनफास्ट ने बहुप्रतीक्षित प्रीमियम इलेक्ट्रिक एसयूवी VF 7 और VF 6 के लिए प्री-बुकिंग शुरू की

विनफास्ट ने बहुप्रतीक्षित प्रीमियम इलेक्ट्रिक एसयूवी VF 7 और VF 6 के लिए प्री-बुकिंग शुरू की

पुणे में इस वर्ष की शुरुआत में भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो में सफल शुरुआत के बाद, वैश्विक इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता विनफास्ट की भारतीय शाखा विनफास्ट ऑटो इंडिया ने आज भारत में अपने प्रीमियम इलेक्ट्रिक एसयूवी मॉडल VF 7 और VF 6 के लिए आधिकारिक तौर पर बुकिंग शुरू कर दी है।

 

कंपनी के तूतीकोरिन स्थित संयंत्र के उद्घाटन के बाद इन मॉडलों की सार्वजनिक बिक्री अगस्त में शुरू होगी, और उसके बाद डिलीवरी शुरू की जाएगी।

 

भारतीय ग्राहक अब विनफास्ट की इलेक्ट्रिक एसयूवी को विनफास्ट के शोरूम या कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट VinFastAuto.in पर जाकर ₹21,000 की पूरी तरह से रिफंडेबल राशि के साथ बुक कर सकते हैं।

 

भारतीय सड़कों और उपभोक्ताओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किए गए VF 7 और VF 6 एक बार चार्ज करने पर लंबी दूरी तय करने की क्षमता रखते हैं। ये वाहन शहर के रोज़मर्रा के सफर, शहरों के बीच यात्रा या सप्ताहांत की छुट्टियों के लिए सुविधाजनक हैं — जो रेंज की चिंता को दूर करते हुए आराम, प्रदर्शन और आधुनिक तकनीक प्रदान करते हैं।

 

इन वाहनों को विनफास्ट के तमिलनाडु के तूतीकोरिन में बन रहे संयंत्र में स्थानीय रूप से असेंबल किया जाएगा, जो भारत को कंपनी के दीर्घकालिक और रणनीतिक ईवी विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक अहम कदम है।

 

मॉडल की विशेषताएं

 

• VF 7: यह एक आधुनिक इलेक्ट्रिक एसयूवी है जिसमें प्रीमियम और विशाल इंटीरियर, लेवल 2 एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS), बड़ा टचस्क्रीन, कनेक्टेड कार तकनीकें, पैनोरमिक ग्लास रूफ, वायरलेस चार्जिंग और सिग्नेचर एलईडी लाइटिंग दी गई है।

 

• VF 6: पारिवारिक और आकर्षक डिज़ाइन वाली यह एसयूवी प्रीमियम आराम के साथ लेवल 2 ADAS, सहज इनफोटेनमेंट सिस्टम, कनेक्टेड फीचर्स, सिग्नेचर लाइटिंग और पैनोरमिक रूफ से सुसज्जित है — जो रोजमर्रा की ज़रूरतों और स्मार्ट ड्राइविंग को ध्यान में रखकर बनाई गई है।

 

प्री-बुकिंग की घोषणा पर विनफास्ट एशिया के सीईओ, श्री फाम सान चौ ने कहा: “भारत मोबिलिटी एक्सपो में हमें बहुत सकारात्मक रेस्पोंस मिला और इस तरह की प्रतिक्रिया मिलने के बाद, हम VF 7 और VF 6 को भारतीय ग्राहकों के और करीब लाने को लेकर उत्साहित हैं। इससे यह स्पष्ट हुआ कि भारत सतत गतिशीलता समाधानों के लिए तैयार है। VF 6 और VF 7 हमारे उस दृष्टिकोण का प्रतीक हैं जिसके तहत हम वैश्विक स्तर के इलेक्ट्रिक वाहन स्थानीय जरूरतों के अनुरूप पेश कर रहे हैं। हमें पूरा विश्वास है कि भारतीय ग्राहक इन मॉडलों को न केवल प्रतिस्पर्धात्मक बल्कि प्रेरणादायक भी पाएंगे।”

 

स्वामित्व अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए, विनफास्ट ने 13 डीलर पार्टनर्स के साथ समझौते किए हैं, जिनके तहत 27 शहरों में 32 डीलरशिप स्थापित की जाएंगी, जिससे एक मजबूत ‘3एस (सेल्स, सर्विस, स्पेयर्स) नेटवर्क’ तैयार होगा। शुरुआत में दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा, चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद, पुणे, जयपुर, अहमदाबाद, कोलकाता, कोचीन, भुवनेश्वर, तिरुवनंतपुरम, चंडीगढ़, लखनऊ, कोयंबटूर, सूरत, कालीकट, विशाखापट्टनम, विजयवाड़ा, शिमला, आगरा, झांसी, ग्वालियर, वापी, बड़ौदा और गोवा जैसे प्रमुख शहरी और उभरते ईवी बाजारों में डीलरशिप खोली जाएगी।

 

कंपनी ने रोड ग्रिड, माईटीवीएस और ग्लोबल एश्योर के साथ साझेदारी की है ताकि पूरे भारत में एक भरोसेमंद चार्जिंग और आफ्टर-सेल्स सेवा नेटवर्क तैयार किया जा सके। ये रणनीतिक साझेदारियाँ रियल-टाइम चार्जिंग एक्सेस, एआई आधारित डायग्नोस्टिक्स और एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म प्रदान करेंगी जो विनफास्ट के तेजी से बढ़ते ग्राहक आधार और ईवी इन्फ्रास्ट्रक्चर का समर्थन करेंगी।

 

अपने सतत विकास के संकल्प को और मजबूत करते हुए, विनफास्ट ने भारत की अग्रणी क्लीन-टेक कंपनी बैटएक्स एनर्जीज़ के साथ साझेदारी की है, जो बैटरी रीसाइक्लिंग, दुर्लभ धातुओं की पुनर्प्राप्ति और उपयोग के बाद की बैटरियों के दोबारा उपयोग में विशेषज्ञता रखती है। यह सहयोग भारत में एक एकीकृत और परिपूर्ण बैटरी वैल्यू चेन के निर्माण की दिशा में एक अहम कदम है — जो जिम्मेदार नवाचार के ज़रिए हरित भविष्य की दिशा में विनफास्ट के मिशन को सशक्त बनाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button