
आद्यक्रांतिवीर राजे उमाजी नाईक की 234वीं जयंती मुख्यमंत्री फडणवीस की उपस्थिति में संपन्न
पुणे मोहन सिंह तोमर
पुणे: पुरंदर तहसील के भिवडी में आद्यक्रांतिवीर राजे उमाजी नाईक की 234वीं जयंती समारोह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रामोशी-बेडर समाज के सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज को मुख्यधारा से जोड़ने हेतु राजे उमाजी नाईक आर्थिक विकास महामंडल के माध्यम से 2 लाख रुपये तक का बिनतारण ऋण तथा उद्योग-व्यवसाय के लिए 15 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही, पुलिस भर्ती के लिए विशेष योजना तथा शिक्षा-प्रशिक्षण के लिए महाज्योती और सारथी के जरिए कार्यक्रम लागू किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि उमाजी नाईक ने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष की पहली चिंगारी प्रज्वलित की थी और छत्रपति शिवाजी महाराज की तरह गनिमी कावा पद्धति से ब्रिटिशों को सबक सिखाया। अंग्रेजों ने उन्हें फांसी देकर समाज को डराने की कोशिश की, परंतु रामोशी समाज स्वतंत्रता संग्राम में पीछे नहीं रहा।
इस अवसर पर सार्वजनिक निर्माण मंत्री शिवेंद्रराजे भोसले, विधायक विजय शिवतारे, गोपीचंद पडळकर समेत अनेक मान्यवर उपस्थित थे। कार्यक्रम में स्व. गिरीश बापट, स्व. बाबुराव पाचर्णे, स्व. रामभाऊ जाधव और स्व. सुनील चव्हाण को मरणोपरांत जीवनगौरव पुरस्कार तथा अन्य समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री फडणवीस ने समारोह से पूर्व राजे उमाजी नाईक स्मृति स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और स्मारक कक्ष का अवलोकन किया।


