
मऊगंज में अपर कलेक्टर ने 32 आवेदनों में की सुनवाई
विशाल समाचार संवाददाता
मऊगंज. आमजनता के आवेदन पत्रों के निराकरण के लिए मऊगंज कलेक्ट्रेट में साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर पीके पाण्डेय डिप्टी कलेक्टर एपी द्विवेदी तथा डिप्टी कलेक्टर रश्मि चतुर्वेदी ने आमजनता के 32 आवेदन पत्रों में सुनवाई की। अपर कलेक्टर ने कहा कि सभी अधिकारी सात दिवस में आमजनता के आवेदन पत्रों का निराकरण करके प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। आवदेक को भी आवेदन पत्र में की गई कार्यवाही से अवगत कराएं। जनसुनवाई में फरहदा निवासी शिवम गोस्वामी ने अंकसूची एवं प्रवेश के लिए आवेदन दिया। अपर कलेक्टर ने बीईओ मऊगंज को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। गुलाबकली केवट निवासी मडना ने मकान निर्माण के लिए भूमि आवंटन का आवेदन दिया। अपर कलेक्टर ने तहसीलदार नईगढ़ी को आवेदन में कार्यवाही के निर्देश दिए। सदाशिव भारती निवासी हाटा ने मंदिर की भूमि से अवैध कब्जा हटाने के लिए आवेदन दिया। अपर कलेक्टर ने एसडीएम हनुमना को प्रकरण में कार्यवाही के निर्देश दिए। जनसुनवाई में बिजली बिल में सुधार, मजदूरी भुगतान, खाद्यान्न वितरण, शासकीय जमीन से अवैध कब्जा हटाने, अनुकंपा नियुक्ति तथा जमीन के बंटवारे के आवेदनों पर सुनवाई की गई। जनसुनवाई में सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


