
गणतंत्र दिवस समारोह आयोजन की तैयारी बैठक संपन्न
सीएम हेल्पलाइन में 50 दिनों से अधिक लंबित प्रकरणों का तत्काल निराकरण करें – कलेक्टर
मऊगंज विशाल समाचार: मऊगंज कलेक्टर संजय कुमार जैन की अध्यक्षता में आयोजित टीएल बैठक में गणतंत्र दिवस समारोह आयोजन की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि समन्वय के साथ कार्यक्रम के गरिमामय एवं सुव्यवस्थित संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। मुख्य समारोह स्थल में साफ-सफाई, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, विद्युत, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्व पूर्ण कर लें।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में 50 दिनों से अधिक लंबित शिकायतों पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राथमिकता से शिकायतों का निराकरण कराते हुए संतुष्टिपूर्ण समाधान करें। उन्होंने जिले के सभी पेयजल स्त्रोतों के पानी की गुणवत्ता की जाँच कराने तथा पाइपलाइन सहित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट व पानी की टंकियों के पानी के सैम्पल लेकर गुणवत्ता टेस्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने हैण्डपंपों में क्लोरीन पाउडर डालकर पेयजल को शुद्ध करने के लिए भी निर्देशित किया। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को नियत समय पर मिले और जनहित से जुड़े समस्त कार्य समय पर पूर्ण हों। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। बैठक में पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी, अपर कलेक्टर पीके पाण्डेय, संयुक्त कलेक्टर एपी द्विवेदी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह, डिप्टी कलेक्टर पवन गोरैया सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

