
पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए
मेधा कुलकर्णी ने गृहमंत्री अमित शाह से की मुलाकात
रिपोर्ट :विशाल समाचार संवाददाता
स्थान:पुणे महाराष्ट्र
पुणे: पहलगाम में हुए आतंकी हमले में जान गंवाने वाले संतोष जगदाले के परिवार को न्याय दिलाने के लिए राज्यसभा सांसद मेधा कुलकर्णी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से नई दिल्ली में मुलाकात कर विशेष हस्तक्षेप की मांग की है।
सांसद कुलकर्णी ने गृहमंत्री को सौंपे गए निवेदन में मांग की कि दिवंगत संतोष जगदाले की पुत्री आसावरी जगदाले, जो इस हमले की पीड़ित भी हैं, को सहानुभूति के आधार पर शासकीय सेवा में नियुक्त किया जाए। इस संबंध में संतोष जगदाले की पत्नी प्रगति जगदाले ने भी सरकार से मदद की गुहार लगाई है।
निवेदन में बताया गया है कि इस दुखद घटना के बाद राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे तथा दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार द्वारा जगदाले परिवार को सहायता का आश्वासन दिया गया था। उसी के तहत उनकी पुत्री आसावरी जगदाले को सहानुभूति के आधार पर सरकारी नौकरी देने की बात कही गई थी।
आसावरी जगदाले शैक्षणिक रूप से पात्र हैं। उन्होंने भारती विद्यापीठ से मानव संसाधन प्रबंधन (एचआर) में एमबीए तथा एच. वी. देसाई महाविद्यालय से कंप्यूटर विज्ञान विषय में बी.एस्सी. की डिग्री प्राप्त की है। साथ ही निजी क्षेत्र में कार्य का अनुभव भी उनके पास है। उन्हें सामान्य प्रशासन विभाग में वर्ग-2 प्रशासनिक अधिकारी पद देने का आश्वासन दिया गया था।
हालांकि, इस आश्वासन के नौ माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद तथा परिवार द्वारा लगातार किए जा रहे प्रयासों के बाद भी संबंधित विभाग की ओर से कोई औपचारिक सूचना या प्रगति नहीं दी गई है। इस देरी के कारण परिवार को मानसिक और आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
कुलकर्णी ने मांग की है कि पूर्व में आश्वासन दिए गए पद पर अथवा पात्रता के अनुरूप पुणे महानगरपालिका या राज्य शासन सेवा में आसावरी जगदाले को शीघ्र नियुक्ति दी जाए। साथ ही इस मामले में त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु केंद्रीय गृहमंत्री से हस्तक्षेप करने की अपील भी की गई है।



