अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों के लिए विदेश में नौकरी व करियर अवसर: बार्टी का भव्य करियर एवं रोजगार मेला 28 फरवरी को
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:नांदेड़ महाराष्ट्र
नांदेड: डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्था (बार्टी), पुणे की ओर से अनुसूचित जाति के युवाओं को विदेशों में रोजगार एवं करियर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 28 फरवरी को एक भव्य “बार्टी करियर एंड एम्प्लॉयमेंट फेयर” का आयोजन किया जा रहा है।
यह करियर मेला 28 फरवरी को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक नांदेड स्थित श्री शंकरराव चव्हाण प्रेक्षागृह, विष्णु नगर में आयोजित होगा। इस मेले में संयुक्त अरब अमीरात (UAE), सऊदी अरब, कतर, बहरीन, कुवैत तथा ओमान जैसे देशों में उपलब्ध रोजगार एवं करियर संभावनाओं के बारे में विस्तृत मार्गदर्शन दिया जाएगा।
यह मेला महाराष्ट्र राज्य के अनुसूचित जाति वर्ग के 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियों के लिए आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में प्रवेश एवं मार्गदर्शन पूर्णतः निःशुल्क रहेगा तथा पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर सहभागियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस अवसर पर दुबई से कुछ प्रतिष्ठित अधिकारी एवं मान्यवरों के साथ बार्टी के महासंचालक सुनील वारे, निबंधक विशाल लोंढे एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहेंगे। मेले में बार्टी की पैनल एजेंसी प्रेरणा कन्सल्टन्सी द्वारा ग्लोबल जॉब मार्केट में उपलब्ध अवसर, उपयुक्त देश का चयन, आवश्यक योग्यता एवं कौशल, भाषा प्रशिक्षण, आवेदन प्रक्रिया, प्रभावी रिज्यूमे तैयार करना, साक्षात्कार की तैयारी, वीजा प्रक्रिया, प्लेसमेंट एजेंसियां, कानूनी पहलू, वेतन संरचना, खर्च एवं आर्थिक नियोजन तथा दीर्घकालीन करियर नियोजन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी।
मेले में शामिल होने वाले इच्छुक उम्मीदवारों को अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्र एवं अंकतालिकाओं की छायाप्रतियां, जाति प्रमाणपत्र, आधार कार्ड तथा दो पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाना अनिवार्य होगा।
विदेश में नौकरी एवं करियर बनाने की इच्छा रखने वाले युवक-युवतियों के लिए यह मेला अत्यंत लाभदायक सिद्ध होगा। बार्टी के ओवरसीज प्रोग्राम प्रमुख डॉ. बबन जोगदंड, प्रज्ञा मोहिते एवं महेश गवई ने अधिक से अधिक उम्मीदवारों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है

