
नानपुर में बेखौफ बदमाशों का तांडव
मुखिया के भतीजे की गोली मारकर हत्या, परिजनों में कोहराम
रिपोर्ट: कुणाल किशोर
स्थान:नानपुर बिहार
नानपुर। जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। नानपुर थाना क्षेत्र के मोहनी गांव में शनिवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने स्थानीय मुखिया के भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।
मृतक की पहचान मोहनी गांव निवासी त्रिवेणी राय के पुत्र सुंदर कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुंदर कुमार स्थानीय मुखिया के भतीजे थे। जानकारी के अनुसार वह गांव में मौजूद थे, तभी एक बाइक पर सवार होकर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से सुंदर कुमार गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गए। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जमा हो गए। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
सूचना मिलते ही नानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद ग्रामीणों ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।


