
सट्टा पर्ची से जुआ खेलते युवक को पुलिस ने धर दबोचा
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान :औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया,। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली औरैया पुलिस ने सट्टा पर्ची के माध्यम से जुआ खेलने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से सट्टा पर्चियां, नकदी, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में शुक्रवार को कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पुलिस लाइन मोड़ से कानपुर मार्ग की ओर बनी दुकानों के अंदर टीन शेड के नीचे छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान विनीत कुमार राजपूत (34) निवासी मोहल्ला दयालपुर, थाना कोतवाली औरैया को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान उसके पास से चार सट्टा पर्चियां, एक पेन, सट्टा संचालन में प्रयुक्त एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 420 रुपये नकद बरामद हुए।
गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध कोतवाली औरैया में मुकदमा संख्या 347/2026, धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह, उपनिरीक्षक राम मनोज द्विवेदी, कांस्टेबल विचित्र प्रताप सिंह एवं कांस्टेबल अभिमन्यु शामिल रहे।



