
‘चरण सेवा’ अभियान को वारकरियों का उत्साहपूर्ण समर्थन
मुख्यमंत्री सहायता निधि की पहल, लाखों वारकरियों को मिल रही निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: पुणे महाराष्ट्र
पुणे,: आषाढ़ी वारी के दौरान पंढरपुर की पैदल यात्रा करने वाले लाखों वारकरियों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं एवं “चरण सेवा” उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सहायता निधि एवं धर्मार्थ अस्पताल सहायता कक्ष द्वारा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की संकल्पना पर आधारित “चरण सेवा” अभियान इस वर्ष भी संचालित किया जा रहा है। यह जानकारी सहायता कक्ष के प्रमुख रामेश्वर नाईक ने दी।
उन्होंने बताया कि राज्य के 11 जिलों में पालखी मार्ग पर लगभग 400 पड़ाव स्थलों पर यह अभियान चलाया जा रहा है। इसमें 12 हजार से अधिक डॉक्टर, फिजियोथेरेपिस्ट, नर्स, पैरामेडिकल कर्मचारी, मेडिकल छात्र एवं स्वयंसेवक वारकरियों की सेवा में जुटे हैं।
हाल ही में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुणे में आयोजित सेवा केंद्र का दौरा कर वारकरियों से संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वारकरियों की सेवा करना ही भगवान विठोबा की सेवा है और ऐसे सेवा कार्यों में सहभागी होना सौभाग्य की बात है।
अभियान के तहत वारकरियों के पैरों की थकान कम करने के लिए लगभग 3 हजार लीटर औषधीय आयुर्वेदिक तेल से मालिश, फिजियोथेरेपी, प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य परीक्षण तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अस्पतालों में रेफर करने की व्यवस्था की गई है। साथ ही जरूरत के अनुसार एंबुलेंस सेवाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
इसके अतिरिक्त पालखी मार्ग पर 8 स्वास्थ्य जागरूकता रथों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं, स्वच्छता के महत्व, संक्रामक एवं वर्षाकालीन बीमारियों से बचाव, स्वस्थ जीवनशैली तथा निवारक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी वारकरियों एवं नागरिकों तक पहुंचाई जा रही है। चयनित स्थानों पर योग सत्रों का भी आयोजन किया गया है।
रामेश्वर नाईक ने बताया कि पिछले वर्ष “चरण सेवा” अभियान को वारकरियों का जबरदस्त प्रतिसाद मिला था। इस वर्ष भी इसे और व्यापक स्वरूप दिया गया है ताकि अधिक से अधिक वारकरियों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा सकें।
‘भक्ति विठोबा की… सेवा स्वास्थ्य की’ थीम पर आधारित इस अभियान के माध्यम से वारकरी परंपरा के सेवाभाव को आधुनिक चिकित्सा सेवाओं से जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री सहायता निधि एवं धर्मार्थ अस्पताल सहायता कक्ष ने सभी वारकरियों, दिंडी प्रमुखों एवं पालखी मार्ग के नागरिकों से इस अभियान का लाभ उठाने की अपील की है।


