उत्तर प्रदेशएग्रीकल्चरलखनऊ

CBG इंडस्ट्री किसानों की आय बढ़ाने और गांवों में रोजगार देने का बड़ा माध्यम: ए.के. शर्मा

कचरे को कंचन में बदलकर किसानों की आमदनी बढ़ाई जा सकती है: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री

CBG इंडस्ट्री किसानों की आय बढ़ाने और गांवों में रोजगार देने का बड़ा माध्यम: ए.के. शर्मा

 

कचरे को कंचन में बदलकर किसानों की आमदनी बढ़ाई जा सकती है: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री

 

लखनऊ, । ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो-2026 के दूसरे दिन नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और ऊर्जा राज्यमंत्री कैलाश राजपूत ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत अपर मुख्य सचिव (ऊर्जा) आशीष गोयल द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संदेश पढ़कर सुनाने के साथ हुई। इसमें देश-विदेश से आए प्रतिनिधियों, विशेषज्ञों और बड़ी संख्या में उद्यमियों ने हिस्सा लिया।

 

CBG से किसानों की आय और ग्रामीण रोजगार बढ़ाने पर जोर

 

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) इंडस्ट्री में किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की बड़ी क्षमता है। कृषि और अन्य कचरे को उपयोगी संसाधन में बदलकर किसानों की आमदनी बढ़ाई जा सकती है और गांवों में ही रोजगार के अवसर पैदा किए जा सकते हैं।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को ग्रीन एनर्जी की दिशा में आगे बढ़ाया है। किसानों की आय बढ़ाने, स्वाइल हेल्थ कार्ड और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार ने कई महत्वपूर्ण पहल की हैं।

 

मंत्री ने बायोएनर्जी क्षेत्र में निवेश करने वाले उद्यमियों को भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश सरकार उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।

 

राहुल गांधी पर ए.के. शर्मा का हमला

 

ए.के. शर्मा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें राजनीतिक बयानबाजी के बजाय देश में हो रहे विकास और नवाचार को समझना चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पहले ‘विश्वविद्यालय’ को हिंदी में लिखकर और IIT तथा IIM का हिंदी में पूरा नाम बताकर दिखाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी किसानों और युवाओं को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं।

 

ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। ग्रेटर नोएडा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय CBG और बायोएनर्जी सम्मेलन इसका उदाहरण है, जहां देश-विदेश के विशेषज्ञ और उद्यमी किसानों की आय बढ़ाने, कृषि अपशिष्ट को ऊर्जा में बदलने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार पैदा करने की संभावनाओं पर चर्चा कर रहे हैं।

 

कृषि अपशिष्ट से ऊर्जा बनाने पर जोर

 

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा अनाज उत्पादक राज्य है और यहां बड़ी मात्रा में कृषि अपशिष्ट उपलब्ध है। आधुनिक तकनीक और नवाचार के माध्यम से इस अपशिष्ट को ऊर्जा में बदला जा सकता है।

 

उन्होंने कहा कि कृषि अपशिष्ट को आय और ऊर्जा के स्रोत में बदलकर किसानों को आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने बायोएनर्जी क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों को सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

 

एक लाख छोटे बायोगैस प्लांट लगाने पर जोर

 

ऊर्जा राज्यमंत्री कैलाश राजपूत और गो सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने कृषि के साथ पशुपालन को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने प्रदेश में घरेलू स्तर पर एक लाख छोटे बायोगैस प्लांट स्थापित करने की जरूरत बताई।

 

1,000 करोड़ रुपये का MOU

 

कार्यक्रम के दौरान KIS और पारस ग्रुप के साथ 1,000 करोड़ रुपये के निवेश का एमओयू भी साइन किया गया। इसके अलावा कई रिसर्च जर्नल और कृषि साहित्य का विमोचन किया गया।

 

एक्सपो में देश-विदेश से आए प्रतिनिधियों, विषय विशेषज्ञों और उद्यमियों ने बायोएनर्जी, CBG, कृषि अपशिष्ट के उपयोग, ग्रामीण रोजगार और ग्रीन एनर्जी की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।

 

सरकार का जोर कृषि अपशिष्ट को आर्थिक संसाधन में बदलने, किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर पैदा करने और उत्तर प्रदेश को स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने पर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button