
राज्य स्तरीय भर्ती परीक्षाओं की व्यवस्था की समीक्षा के लिए उच्चस्तरीय समिति
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान पुणे महाराष्ट्र
पुणे, । राज्य में सरकारी भर्ती परीक्षाओं को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित, विश्वसनीय और अभ्यर्थी-केंद्रित बनाने तथा अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए मौजूदा परीक्षा प्रणाली की व्यापक समीक्षा की जाएगी। महाराष्ट्र शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति गठित की है।
समिति विद्यार्थियों, अभ्यर्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों, शैक्षणिक संस्थानों, कोचिंग क्लास संचालकों, अध्ययन कक्ष संचालकों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से सुझाव व फीडबैक लेगी। इसी क्रम में समिति 12 सितंबर 2026 को सुबह 10:30 बजे सावित्रीबाई फुले पुणे विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों एवं अभ्यर्थियों से संवाद करेगी।
पुणे जिले के नागरिकों और संबंधित लोगों से सुझाव, आपत्तियां एवं ज्ञापन लेने के लिए जिलाधिकारी कार्यालय में 7 से 10 सितंबर तक विशेष कक्ष बनाया गया है। यह कक्ष सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक कार्यरत रहेगा। सुझाव करमणूक कर शाखा, ‘बी’ विंग, दूसरी मंजिल, जिलाधिकारी कार्यालय, पुणे में जमा किए जा सकेंगे।
जो लोग कार्यालय में उपस्थित नहीं हो सकते, वे अपने लिखित सुझाव examcollectorpune@gmail.com पर भेज सकते हैं। नोडल अधिकारी निवासी उपजिलाधिकारी, पुणे होंगे।
समिति प्रश्नपत्र तैयार करने, मॉडरेशन, प्रश्नपत्रों के वितरण व सुरक्षित परिवहन, परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था, मूल्यांकन एवं परिणाम प्रक्रिया की सुरक्षा सहित डिजिटल प्रणाली, बायोमेट्रिक सत्यापन, प्रवेश नियंत्रण और सीसीटीवी निगरानी जैसे उपायों की समीक्षा करेगी। प्रश्नपत्र लीक, गोपनीयता भंग, फर्जी अभ्यर्थी, मिलीभगत और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग को रोकने के उपायों पर भी सुझाव लिए जाएंगे।
जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी ने पुणे जिले के विद्यार्थियों, अभ्यर्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों, कोचिंग संस्थानों और नागरिकों से इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी कर अपने सुझाव देने की अपील की है।


