
इटावा: विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में डीएम शुभ्रान्त शुक्ल सख्त, गौशालाओं की सफाई से लेकर वृक्षारोपण तक दिए निर्देश
विशेष प्रतिनिधि,विशाल समाचार
इटावा: कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में एक व्यापक समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन 2.0, गौशालाएं, वृक्षारोपण, प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजनाएं समेत कई महत्वपूर्ण योजनाओं की गहन समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वृक्षारोपण के उपरांत जियो टैगिंग अनिवार्य रूप से कराई जाए तथा पौधों के संरक्षण व देखरेख को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने यह भी बताया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में “ग्रीन चौपाल” का आयोजन हर माह के तीसरे शुक्रवार को अनिवार्य होगा, ताकि जमीनी स्तर पर पर्यावरणीय चेतना को बल मिल सके।
उन्होंने जानकारी दी कि जनपद में सहजन भंडारा का आयोजन होगा जिसमें अधिक से अधिक सहजन के पौधे रोपे जाएंगे, खासतौर से सभी ग्राम पंचायतों और आंगनबाड़ी केंद्रों में। गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड हेतु आमजन को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि रोपित पौधे के साथ सेल्फी लेकर उसे एप पर अपलोड करें।
गौशालाओं की दुर्दशा पर सख्त रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने छाया, साफ-सफाई, वृक्षारोपण और जलभराव जैसी समस्याओं पर तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। जिन गौशालाओं में कीचड़ या जलभराव की समस्या है वहां प्रभावी कार्ययोजना बनाकर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया। आवश्यकता पड़ने पर गौवंशों को दूसरी गौशाला में स्थानांतरित करने की बात भी कही गई।
उन्होंने गोचर व टैग्ड गोचर भूमि पर चारे की बुवाई, रोटेट कैमरे की स्थापना, केयरटेकर के माध्यम से नियमित गोबर साफ़ करवाने जैसे निर्देश भी जारी किए। टूटे हुए शौचालयों की मरम्मत (रेट्रोफिटिंग) को प्राथमिकता देने और वर्मी कम्पोस्ट यूनिट के लिए चिन्हित ग्राम पंचायतों में प्रशिक्षण शुरू कराने को भी कहा गया।
आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जर्जर भवनों में बच्चों को कतई न बैठाया जाए और ऐसे भवनों को तत्काल ध्वस्त किया जाए। निर्माणाधीन भवनों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने व परिसरों में साफ-सफाई बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
निपुण भारत मिशन की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि निपुण एप का प्रशिक्षण अधिकारियों व कर्मियों को अनिवार्य रूप से दिलवाया जाए ताकि शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार हो सके।
मनरेगा कार्यों में अन्नपूर्णा भवन और सघन वन के निर्माण को प्राथमिकता देने के निर्देश भी बैठक में दिए गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, अर्थ एवं संख्याधिकारी रमेश चंद्र, पशु चिकित्साधिकारी मनोज कुमार सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।



