
पुणे में ‘रेड एफएम मराठी फिल्म फेस्टिवल’ का भव्य आगाज़
पहले ही दिन उमड़ी दर्शकों की भारी भीड़, जबरदस्त उत्साह देखने को मिला
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:पुणे महाराष्ट्र
पुणे। मराठी सिनेमा के गौरव और उत्कृष्ट फिल्मों के उत्सव के रूप में आयोजित 93.5 रेड एफएम के ‘सुपरहिट्स मराठी फिल्म फेस्टिवल’ के छठे संस्करण का शुक्रवार को पुणे के ई-स्क्वेअर मल्टीप्लेक्स में भव्य शुभारंभ हुआ। 22 से 24 मई 2026 तक चलने वाले इस फिल्म महोत्सव के पहले ही दिन दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी और जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
उद्घाटन समारोह में मराठी फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज कलाकारों और राष्ट्रीय पुरस्कार विजेताओं को ‘प्राइड ऑफ मराठी सिनेमा’ सम्मान से नवाजा गया। वरिष्ठ अभिनेता डॉ. मोहन आगाशे को मराठी रंगमंच और सिनेमा में उनके लंबे और अमूल्य योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इसके अलावा निर्देशक आशिष बेंडे को ‘आत्मपॅम्फ्लेट’, सुजय डहाके को ‘श्यामची आई’ और सुधाकर रेड्डी यक्कंती को ‘नाळ 2’ के लिए सम्मानित किया गया। वहीं ‘नाळ 2’ के बाल कलाकार त्रिशा ठोसर, श्रीनिवास पोकळे और भार्गव जगताप को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। अभिनेता कबीर खंदारे को ‘जिप्सी’ फिल्म में बेहतरीन अभिनय के लिए सम्मानित किया गया। लोककला और अनोखे सिनेमाई प्रस्तुतीकरण के लिए ‘दशावतार’ को भी विशेष सम्मान दिया गया।
समारोह में अभिनेता सिद्धार्थ जाधव को ‘पावरहाउस परफॉर्मर ऑफ द ईयर’ और अभिनेत्री गिरिजा ओक को ‘मराठी दीवा ऑफ द ईयर’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
पुरस्कार समारोह के बाद निर्देशक शुभम शेवडे की फिल्म ‘मैगजिन’ की स्क्रीनिंग के साथ महोत्सव की शुरुआत हुई। फिल्म को दर्शकों ने जोरदार तालियों के साथ सराहा। पहले ही दिन थिएटर हाउसफुल रहा और कलाकारों से मिलने के लिए दर्शकों में खास उत्साह दिखाई दिया।
यह महोत्सव 24 मई तक चलेगा, जिसमें कई बेहतरीन मराठी फिल्में और शॉर्ट फिल्म्स प्रदर्शित की जाएंगी। खास बात यह है कि यह फिल्म फेस्टिवल सभी दर्शकों के लिए पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया है। पुणे के यूनिवर्सिटी रोड स्थित ई-स्क्वेअर मल्टीप्लेक्स में चल रहा यह महोत्सव सिनेमा प्रेमियों के लिए खास आकर्षण बना हुआ है।
