इटावा में 55.18 लाख पौधों का होगा रोपण, महुआ-इमली के दो लाख पौधे लगाए जाएंगे
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
इटावा, । वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत इटावा जनपद में 55 लाख 18 हजार 600 पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी प्रभाग विकास नायक ने बताया कि लक्ष्य की पूर्ति के लिए वन विभाग की 25 पौधशालाओं में विभिन्न प्रजातियों के 60 लाख 97 हजार 139 स्वस्थ पौधे उपलब्ध हैं।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष जनपद के विभिन्न स्थानों पर एक लाख महुआ और एक लाख इमली के पौधों का विशेष रूप से रोपण किया जाएगा। साथ ही 1 जुलाई से 7 जुलाई 2026 तक आयोजित होने वाले वन महोत्सव के दौरान जनपदवासियों से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं रखरखाव की अपील की गई है।
विकास नायक ने बताया कि जनपद में कार्बन फाइनेंस योजना के अंतर्गत वर्तमान में 125 किसान पंजीकृत हैं। इस योजना के तहत किसानों द्वारा किए गए पौधारोपण से कार्बन क्रेडिट के माध्यम से अतिरिक्त आय प्राप्त होगी। किसानों को पॉपलर, मेलिया डूबिया और सेमल जैसे तेजी से बढ़ने वाले पौधों के रोपण के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। प्रति कार्बन क्रेडिट लगभग छह अमेरिकी डॉलर की दर से खरीद होने पर किसानों को प्रत्येक पेड़ पर लगभग 250 से 350 रुपये तक की अतिरिक्त आय मिल सकेगी।
उन्होंने बताया कि योजना का दायरा बढ़ाने के लिए विभागीय टीमें किसानों के घर और खेतों पर जाकर पंजीकरण करेंगी। किसानों से खेतों की मेड़ों पर अधिक से अधिक पौधे लगाने और योजना का लाभ उठाने की अपील की गई है।
इसके अलावा जनपद में पांच लाख सीड बॉल के माध्यम से भी अतिरिक्त पौधारोपण कराया जाएगा। वृक्षारोपण अभियान में जनसहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक वृक्षारोपण मित्र भी नियुक्त किया जाएगा।



